कृषि चौपाल में ग्रामीणों को मिली खेती किसानी की जानकारी

सेवराई । विकास खंड भदौरा के गांव बारा व सायर के ग्राम पंचायत सचिवालय के परिसर में शुक्रवार को कृषि चौपाल लगाकर किसानों को विभिन्न प्रकार की आवश्यक जानकारी दी गई। कृषि ऐजी उदय राज सिंह सहित कृषि तकनीकी व अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मियों ने उपस्थित ग्रामीण किसानों को विभिन्न प्रकार की योजनाओं की जानकारी दी। सर्वप्रथम मिट्टी की जांच का महत्व बताया। कहा कि अगर किसान अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराकर उसके अनुपात में खाद, बीज का उपयोग करें और सिचाई आदि का अनुभव प्राप्त कर लें तो काफी उन्नत ढंग से खेती होगी। उपज में बढ़ोतरी होगी जिससे कि किसानों की आय में लगातार वृद्धि हो सकती है। पीएम किसान सम्मान निधि के बारे में भी किसानों को जागरुक किया गया। लाभुकों को केसीसी से शत प्रतिशत आच्छादित कार्य करने का भी निर्देश दिया गया। कृषि ऋण माफी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इस योजना का लाभ किसे किस प्रकार मिलेगा और किसे नहीं मिलेगा इसके बारे में भी बारीकी से बताया गया। आधुनिक कृषि प्रणाली बीज उपचार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। कहा कि किसान बीज उपचार प्रणाली को अपनाकर अपनी आय को दोगुना कर सकेंगे। समेकित कृषि प्रणाली वेस्ट डी कंपोजर का घोल व प्रयोग विधि के बारे में भी बताया गया। सूक्ष्म सिचाई एवं बौछार सिचाई में अंतर भी बताई गई। इन सभी योजनाओं का सरकारी स्तर से लाभ लेने के लिए भी जानकारी दी गई। चौपाल में किसान मैनूदिन का, जफरउल्ला खां, ललन सिंह यादव, मनकेसरी देवी, एजाज खां, बृजेश कुमार, राम अवध, रामकरन यादव, रोशन कुशवाहा, महातीम कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
You must be logged in to post a comment.