ई डिस्ट्रिक्ट की वेबसाइट खराब होने से करीब पांच हजार आवेदन फंसे

सेवराई। स्थानीय तहसील में तकनीकी खराबी की वजह से 7 दिन से ई डिस्टिक की वेबसाइट बन्द चल रही है। जिससे करीब पांच हजार से भी अधिक आवेदन पेंडिंग पड़े हुए हैं। ई डिस्टिक की वेबसाइट बंद होने की वजह से संबंधित लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। छात्र-छात्राएं एवं आम जनमानस को अपने प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए भटकना पड़ रहा हैं। वही तहसील मुख्यालय पर आए दिन फरियादियों के द्वारा अपने प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए दौड़ लगाई जा रही है। तहसील मुख्यालय स्थित जन सुविधा केंद्रों में ई डिस्टिक पोर्टल काम ना करने की वजह से आवेदनकर्ता खाली हाथ लौट रहे हैं। वेबसाइट चालू होने की जानकारी कोई नहीं दे पा रहा है। ई- डिस्ट्रिक्ट की वेबसाइट मरम्मत के चलते बिगत 4 जनवरी से ही बंद कर दी गई है। वेबसाइट बंद होने से तहसील क्षेत्र के सैकड़ों गांव के आय, जाति, निवास, राशनकार्ड, खतौनी, दिव्यांग प्रमाण पत्र समेत कई दस्तावेजों की आवेदन व सत्यापन अधर में लटक गया है। क्षेत्रवासी जन सुविधा केंद्र व तहसील के चक्कर लगा रहे हैं। वेबसाइट का पहला पन्ना ही नहीं खुल रहा है। जन सुविधा केंद्र संचालक श्रवण कुमार ने बताया कि बिना किसी जानकारी के वेबसाइट बंद कर दिया गया है। जिससे पुराने दस्तावेज सत्यापन के लिए फंसे हुए हैं। वही प्रतिदिन लोगों के द्वारा दस्तावेज सत्यापन के लिए कोप भाजन का शिकार होना पड़ रहा है। सेवराई तहसील के कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद तारिक ने बताया कि e-district पोर्टल बंद होने की वजह से करीब 5000 से अधिक आवेदन फंसे हुए हैं जिसका निस्तारण नहीं हो पा रहा है।