राम मंदिर पर एक क्लिक में पढ़े विपक्ष की प्रतिक्रियाएं

अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर का भूमिपूजन कर पीएम नरेंद्र मोदी ने 500 साल के इंतजार को खत्म कर दिया। इससे देश के हर जगत में जश्न का माहौल बना हुआ है। राम मंदिर भूमिपूजन के बाद तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने अंदाज में बातें कही हैं।
इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होने के बाद बुधवार को कहा कि भगवान राम मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं और वह कभी घृणा एवं अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।
उन्होंने ट्वीट किया, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं। वह कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। कांग्रेस नेता ने कहा कि राम करुणा हैं। वह कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं। वह कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि अब सभी लोगों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मानना चाहिए और अयोध्या को लेकर किसी भी तरह का विवाद नहीं करना चाहिए। मायावती ने कहा कि अयोध्या पवित्र नगरी है, भले ही लंबे समय तक यहां विवाद रहा हो, लेकिन सुप्रीम कोर्ट इस विवाद का अंत कर चुका है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ही मंदिर निर्माण हो रहा है। ऐसे में मेरी सलाह है कि सभी लोग सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मानें।
वहीं इस अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी देश को बधाई दी है। केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि श्री राम के आशीर्वाद से भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने।
सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस कार्यक्रम के दिन एक ट्वीट किया है। अखिलेश ने ट्वीट कर लोगों से भगवान राम के रास्तों पर चलने की अपील की है. अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, “भगवान शिव के कल्याण, श्रीराम के अभयत्व व श्रीकृष्ण के उन्मुक्त भाव से सब परिपूर्ण रहें! आशा है वर्तमान व भविष्य की पीढ़ियां भी मर्यादा पुरूषोत्तम के दिखाए मार्ग के अनुरूप सच्चे मन से सबकी भलाई व शांति के लिए मर्यादा का पालन करेंगी।
शिवसेना ने बुधवार को कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर का भूमि पूजन होने से पार्टी संस्थापक बाल ठाकरे का सपना साकार हुआ। राज्य सभा में शिवसेना के सांसद संजय राउत ने ट्वीट किया, बाला साहेब का सपना साकार।
राज्य राकांपा प्रमुख एवं मंत्री जयंत पाटिल ने कहा कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र सांगली जिले में हमेशा भगवान राम के मंदिर में पूजा करते हैं। पाटिल ने ट्वीट किया, राम मंदिर का भूमि पूजन आज अयोध्या में हो रहा है। यह हम सभी के लिए खुशी की बात है। हम हमेशा अपने निर्वाचन क्षेत्र में प्रभु श्रीराम के मंदिर में भक्ति भाव से पूजा करते हैं। उन्होंने कहा, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम हमेशा भारतीयों के देवता रहेंगे।